सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों का जखीरा बरामद, भारी मात्रा में गोला-बारूद, दो युवक गिरफ्तार
सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों का जखीरा बरामद, भारी मात्रा में गोला-बारूद, दो युवक गिरफ्तार
रावला । भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह खेप ड्रोन के जरिए गिराई गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने इनपुट मिलने के बाद बीएसएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ संयुक्त कार्रवाई की। मामले में पंजाब निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रावला के 12 KND सीमा क्षेत्र में संदिग्ध पैकेट मिलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। तलाशी के दौरान दो पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 650 कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा चार जोड़ी बैटरियां और दो रिमोट भी मिले हैं। बरामद सामग्री में RDX होने की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
ANTF के आईजी विकास कुमार के अनुसार, ड्रोन की सहायता से राजस्थान में भारी मात्रा में गोला-बारूद और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री गिराए जाने की जानकारी मिली है। इसे भेजने वाले लोगों और इसके पीछे के उद्देश्य का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
इस मामले में पंजाब निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा नाकाबंदी के साथ तलाशी अभियान जारी है।
बरामद हथियारों और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए जयपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाए जाने की जानकारी है। टीम सामग्री की प्रकृति और मात्रा की जांच करेगी। इसके बाद ही बरामदगी से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। मामले में जांच जारी है और आगे नए खुलासे होने की संभावना है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ