राजस्थान में शुरू होगा बारिश का दौर,10 जिलों में यलो अलर्ट
राजस्थान में कल (19 अगस्त) से बारिश का दौर फिर शुरू होगा। मौसम विभाग ने 19 अगस्त को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का ये दौर 20 और 21 अगस्त को और तेज होगा। इससे पहले सोमवार को राजस्थान में मौसम साफ रहा। सभी जिलों में उमस ने लोगों को परेशान किया। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, जालोर, सिरोही, उदयपुर और प्रतापगढ़ के आसपास हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे इन इलाकों में उमस से कुछ राहत मिली। राजस्थान में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम तापमान माउंट आबू में 22.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर में रात का तापमान 29 डिग्री पर पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब तेज होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है। राजस्थान में अगले 2-3 दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के बावजूद पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर बना रहेगा। 19 से 21 अगस्त के बीच भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ