9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ई-पाठशाला शुरू, शाम 4 से 8 बजे तक होंगी लाइव क्लास
9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ई-पाठशाला शुरू, शाम 4 से 8 बजे तक होंगी लाइव क्लास
जयपुर। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने ई-पाठशाला कार्यक्रम 2026-27 शुरू किया है। इसके तहत विद्यार्थियों को नियमित स्कूल समय के बाद विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से ऑनलाइन लाइव कक्षाओं की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अतिरिक्त अध्ययन, पुनरावृत्ति और परीक्षा की तैयारी के लिए डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराना है।
सोमवार से शुक्रवार शाम 4 से रात 8 बजे तक कक्षाएं
ई-पाठशाला की लाइव कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार तक शाम 4 बजे से रात 8 बजे के बीच संचालित होंगी। प्रत्येक कक्षा की अवधि करीब 40 से 45 मिनट रखी गई है। विद्यार्थी मोबाइल सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से इन कक्षाओं में जुड़ सकेंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए लाइव कक्षाओं में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी विषय शामिल किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ वार्षिक और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में अतिरिक्त सहायता मिल सकेगी। विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित की लाइव कक्षाएं संचालित की जाएंगी। वहीं कला वर्ग में इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान के साथ अनिवार्य अंग्रेजी विषय की कक्षाएं भी होंगी।
लाइव क्लास छूटने पर रिकॉर्डिंग देख सकेंगे
ई-पाठशाला की खास सुविधा यह है कि किसी कारण से लाइव कक्षा में शामिल नहीं हो पाने वाले विद्यार्थी बाद में उसकी रिकॉर्डेड क्लास देख सकेंगे। इससे विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी अध्याय या विषय को दोबारा समझ सकते हैं। लाइव कक्षाओं और रिकॉर्डेड सामग्री के लिए मिशन ज्ञान तथा ई-कक्षा YouTube चैनल जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
सुबह ही मिलेंगे क्लास के लिंक और नोट्स
विद्यार्थियों को रोज होने वाली लाइव कक्षाओं के लिंक सुबह ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ संबंधित कक्षा के नोट्स और समरी शीट भी उपलब्ध कराई जाएगी। क्लास लिंक, नोट्स और अन्य अध्ययन सामग्री ई-पाठशाला WhatsApp चैनल तथा स्कूल के स्मार्ट WhatsApp ग्रुप के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
विद्यार्थियों को मिलेगा अतिरिक्त डिजिटल अध्ययन का अवसर
शिक्षा विभाग की इस पहल से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को स्कूल की नियमित पढ़ाई के अलावा डिजिटल माध्यम से अतिरिक्त अध्ययन का अवसर मिलेगा। लाइव कक्षाओं के साथ रिकॉर्डेड वीडियो और डिजिटल नोट्स उपलब्ध होने से विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार विषयों की दोबारा तैयारी भी कर सकेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ