पंचायती राज आम चुनाव: तीसरे चरण के मतदान के लिए रवाना हुए मतदान दल, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़ और रीडी में तीसरे चरण में होंगे चुनाव
पंचायती राज आम चुनाव: तीसरे चरण के मतदान के लिए रवाना हुए मतदान दल, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया कार्मिकों को संबोधित
लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़ और रीडी में तीसरे चरण में होंगे चुनाव, 112 ग्राम पंचायतों के लिए बनाए गए 402 मतदान केंद्र
बीकानेर, 2 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव: 2026 के तीसरे चरण के तहत होने वाले मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से सोमवार को हुई। मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के बाद निर्धारित वाहनों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन एवं पर्यवेक्षक श्री नवनीत कुमार मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा बनना गर्व का विषय है। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक मतदाता स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। उन्होंने पांच दिनों की पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया और कहा कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को समयबद्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह, बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव हेमेन्द्र नागर, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, तृतीय चरण की तीनों पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी दयानंद रूयल, झंवर मित्तल और श्रीमती दमयंती कंवर तथा प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अधिकारी उपस्थित रहे।
तीसरे चरण का यह रहेगा कार्यक्रम
तृतीय चरण में लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़ और रीडी पंचायत समिति क्षेत्रों की 112 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके लिए कुल 402 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की 33 ग्राम पंचायतों में 123, रीडी की 31 ग्राम पंचायतों में 104 तथा लूणकरणसर की 48 ग्राम पंचायतों में 175 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान दलों में पीठासीन अधिकारी सहित प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी भी बनाया गया है।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं पंच एवं सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया तथा 5 नवंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। इसके बाद 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ