बीकानेर: 108 में गूंजी नवजात की किलकारी, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
बीकानेर। चिकित्सा सेवाओं के प्रति सजगता और एंबुलेंस कर्मी की सूझबूझ का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मोमासर सीएचसी से बीकानेर पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर की गई 20 वर्षीय गर्भवती महिला का रास्ते में ही 108 एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव करवाया गया। एंबुलेंस में नवजात की किलकारी गूंजते ही परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मोमासर सीएचसी से गर्भवती महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए बीकानेर पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था। महिला को 108 एंबुलेंस के ईएमटी सुरेंद्र ढाका बीकानेर लेकर रवाना हुए।
ठुकरियासर के पास तेज हुई प्रसव पीड़ा
गुरुवार रात करीब 9 बजे गांव ठुकरियासर के पास महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति को समझते हुए ईएमटी सुरेंद्र ढाका ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया। ईएमटी सुरेंद्र ढाका ने बताया कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर दोनों को वापस मोमासर सीएचसी पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती करवाया गया।
आपात स्थिति में एंबुलेंस कर्मी की तत्परता और सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ