राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून, कल से बारिश का अलर्ट, जानें मौसम विभाग का ताजा अपडेट
राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून, कल से बारिश का अलर्ट, जानें मौसम विभाग का ताजा अपडेट
जयपुर। राजस्थान में मानसून इस बार कमजोर नजर आ रहा है। अगस्त महीने के खत्म होने के साथ ही प्रदेश में मानसून का करीब एक तिहाई समय बीत गया है, लेकिन बारिश सामान्य से काफी कम रही। पूरे अगस्त में राजस्थान में सिर्फ 66.2 MM बारिश दर्ज हुई, जो पिछले 11 साल में दूसरी सबसे कम है।
सोमवार को प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहा। डूंगरपुर में ही हल्की बारिश दर्ज हुई, जबकि जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग में दिनभर धूप रही। हालांकि तेज हवा चलने के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
2 सितंबर से फिर बारिश का दौर
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं 2 सितंबर से बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है। बुधवार को प्रदेश के 6 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 3 और 4 सितंबर को 10 से अधिक जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।
अगस्त में सामान्य से काफी कम बारिश
राजस्थान में अगस्त के दौरान सामान्य तौर पर करीब 155 MM बारिश होती है, लेकिन इस साल अगस्त में महज 66.2 MM बारिश हुई। वर्ष 2015 से 2025 के आंकड़ों में अगस्त में सबसे कम बारिश 2023 में 30.9 MM दर्ज हुई थी।
इसके बाद इस साल 2026 में 66.2 MM बारिश के साथ यह 11 साल में दूसरी सबसे कम बारिश वाला अगस्त रहा। इससे पहले 2015 में 93.9 MM, 2017 में 84.8 MM और 2018 में 92 MM बारिश दर्ज हुई थी। वहीं 2024 में अगस्त में सबसे ज्यादा 344.6 MM बारिश हुई थी।
सितंबर में भी सामान्य से कम बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में भी राजस्थान में बारिश सामान्य से कम रहने की आशंका है। हालांकि आने वाले दिनों में कुछ जिलों में तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
हवा से गिरा तापमान
सोमवार को धूप के बावजूद तेज हवा चलने से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दिन का सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 38.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ