देशभर में मानसून का कहर: गुजरात में बाढ़, महाराष्ट्र में जलभराव,राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट
देशभर में मानसून का कहर: गुजरात में बाढ़, महाराष्ट्र में जलभराव,राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गुजरात में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, महाराष्ट्र में बाजार जलमग्न हो गए हैं, मध्य प्रदेश में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हादसे सामने आए हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन के कारण सड़कें बंद करनी पड़ी हैं। गुजरात के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के पास बाढ़ के पानी में चार वाहन फंस गए। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल ने अभियान चलाकर सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
महाराष्ट्र के भिवंडी में भारी बारिश के बाद बाजार क्षेत्र में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई दुकानों को बंद करना पड़ा, जबकि लोग कमर तक पानी में होकर आवाजाही करते नजर आए।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में लगातार हो रही बारिश का असर सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल पर भी देखने को मिला। अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर जाने से मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा। मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर सहित 26 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में पुलिया पार करते समय एक युवक मोटरसाइकिल सहित तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में बारिश हुई। कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव हो गया, जिससे कई कारें और बाइक आधी पानी में डूब गईं। वहीं जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के चलते रामनगर-उधमपुर मार्ग पर कौघा के पास बड़ा भूस्खलन हो गया। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर आने से मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन सड़क को जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ