राजस्थान ला रहे थे 5 करोड़ की हेरोइन, बॉर्डर पर महिला सहित 3 को पकड़ा
राजस्थान ला रहे थे 5 करोड़ की हेरोइन, बॉर्डर पर महिला सहित 3 को पकड़ा
श्रीगंगानगर। राजस्थान-पंजाब बॉर्डर पर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। तीनों आरोपी एक ही बाइक पर सवार होकर पंजाब से हेरोइन की खेप सप्लाई करने राजस्थान आए थे। कार्रवाई जिला स्पेशल टीम और हिन्दुमलकोट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब के तस्कर श्रीगंगानगर जिले में हेरोइन की सप्लाई देने आने वाले हैं। इस पर डीएसटी और हिन्दुमलकोट पुलिस ने थाना क्षेत्र के कोठा पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक बाइक पर आ रहे तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, तो उनके पास से करीब आधा-आधा किलो के दो पैकेट (कुल एक किलो) हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से फाजिल्का (पंजाब) के शमसाबाद निवासी गुरजंट सिंह (23), शमशावाला निवासी सुखचेन उर्फ पम्मा (34) और सर्वर खुइयां (पंजाब) निवासी शिला बाई (45) को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। डीएसटी प्रभारी रामविलास बिश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे हेरोइन की यह खेप कहां से लेकर आए थे और राजस्थान में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। तस्करी के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एएसआई सुरेंद्र ज्याणी, इंद्राज, हेड कॉन्स्टेबल मनप्रीत, विष्यधर, संदीप जाखड़, विवेक और प्रमोद की अहम भूमिका रही।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ