बीकानेर में युवक का रास्ता रोककर लोहे के पाइप और लाठी-डंडों से हमला, मोबाइल छीनने का आरोप
बीकानेर में युवक का रास्ता रोककर लोहे के पाइप और लाठी-डंडों से हमला, मोबाइल छीनने का आरोप
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा गेट के सामने वाली गली में एक युवक के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। परिवादी ने अपने रिश्तेदारों पर रास्ता रोककर लोहे के पाइप और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चुन्नो के भुट्टों के पास माताजी मंदिर, वाल्मीकि बस्ती निवासी 28 वर्षीय सुनील पुत्र वीरू पंवार ने रिपोर्ट दी कि 23 अक्टूबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे वह जस्सूसर गेट स्थित अपनी मौसी के घर से मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहा था। इसी दौरान विश्वकर्मा गेट के सामने वाली गली में ताराचंद के बेटे गुल्लू ने उसका रास्ता रोककर मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। इसके बाद उसने अपने पिता ताराचंद को मौके पर बुला लिया।
परिवादी का आरोप है कि कुछ देर बाद ताराचंद, उसका बहनोई आमजी और तीन-चार अन्य लोग लोहे का पाइप व लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और एकराय होकर उसके साथ मारपीट की। ताराचंद ने लोहे के पाइप से उसके हाथ-पैर पर वार किए, जबकि गुल्लू और अन्य लोगों ने लात-मुक्कों से चेहरे और शरीर पर चोटें पहुंचाईं। इसी दौरान आरोपियों ने उसका वीवो कंपनी का मोबाइल भी छीन लिया।
सुनील ने बताया कि राहगीरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गई। परिवादी का आरोप है कि थाने में उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और बाद में उसके पिता को बुलाकर समझाइश के बाद रात करीब एक बजे उन्हें रवाना कर दिया गया। इसके बाद उसने पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में उपचार करवाया।
पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच एसआई हंसराज को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ