बीकानेर: ट्रक से टायर, रिम, डीजल और 38 हजार रुपए चोरी करने वाला ड्राइवर गिरफ्तार
बीकानेर: ट्रक से टायर, रिम, डीजल और 38 हजार रुपए चोरी करने वाला ड्राइवर गिरफ्तार
बीकानेर। नोखा थाना पुलिस ने ट्रक से सामान और नकदी चोरी करने के मामले में वांछित ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील बिश्नोई (38) पुत्र मनोहरलाल निवासी 17 केडी रावला, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से चोरी के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को रासीसर निवासी राम मंडा पुत्र ओमप्रकाश बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनकी एस.एस. लॉजिस्टिक नाम से फर्म है। फर्म के नाम से एक टाटा ट्रेलर (RJ 50 GA 9254) पंजीकृत है, जिसे सुनील बिश्नोई चलाता था।
रिपोर्ट के अनुसार, 30 अगस्त की रात करीब 1 बजे सुनील ट्रेलर को कार्यालय के पास खड़ा कर फरार हो गया। बाद में वाहन की जांच करने पर उसके चारों नए टायर और चार नई रिम बदली हुई मिलीं। इसके अलावा वाहन का तिरपाल, करीब 200 लीटर डीजल और पेशगी व ईंटों के किराए से प्राप्त 38 हजार रुपए नकद भी गायब मिले। मामला दर्ज होने के बाद जांच एएसआई नरेश कुमार को सौंपी गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी सुनील बिश्नोई को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से चोरी किए गए सामान और नकदी के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई नरेश कुमार, कांस्टेबल तेजाराम और कांस्टेबल पवन सिंह शामिल रहे। यह कार्रवाई रेंज आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल तथा नोखा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में की गई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ