बीकानेर: आपको भी खरीदारी के लिए जाना है बाजार तो पढ़े ये खबर
बीकानेर। धनतेरस और दीपावली के महापर्व पर शहर के मुख्य बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 6 नवंबर, 26 की सुबह से लेकर 9 नवंबर की सुबह तक शहर के भीतरी व्यापारिक केंद्रों केईएम रोड, कोटगेट, सट्टा बाजार, दाऊजी रोड, बड़ा बाजार और पुरानी गजनेर रोड पर चार पहिया व तिपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सीओ ट्रैफिक शालिनी बजाज ने बताया कि दीपावली पर पैदल चलने वाले खरीदारों, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इंतजाम किए गए है। शहर के 33 संवेदनशील स्थानों सार्दुल सिंह सर्किल, हनुमान मंदिर, अग्रसेन सर्किल, लालजी होटल, अणचाबाई हॉस्पिटल और कोटगेट सहित अन्य स्थानों पर बीडीए की मदद से बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग की जाएगी। इन क्षेत्रों में केवल वहीं के निवासियों और दुकानदारों के दोपहिया वाहनों को पुलिस पास के जरिए ही प्रवेश की अनुमति होगी। सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के वाहन जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा। प्रतिबंधित क्षेत्र में केवल स्थानीय निवासियों और दुकानदारों के दोपहिया वाहनों को प्रवेश मिलेगा। इसके लिए यातायात पुलिस पास जारी करेगी।
रूट डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था : नोखा रूट की बसें व भारी वाहन रानी बाजार पुलिया से रोड नंबर 5, सिने मैजिक रोड होकर जैन कॉलेज तिराहा (नोखा रोड) की तरफ जाएंगे। वापसी में नोखा से आने वाले वाहन जैन कॉलेज तिराहे से सिने मैजिक रोड, 5 नंबर रोड, चोपड़ा कटला व रानी बाजार पुलिया से निकलेंगे। रानी बाजार चौराहे से रेलवे स्टेशन, गोगागेट सर्किल, माइको कंपनी होते हुए राजीव मार्ग की ओर ट्रैफिक एकतरफा रहेगा। वापसी में तीन व चार पहिया वाहन लालजी होटल से फोर्ट स्कूल मुख्य द्वार, रेलवे आरक्षण केंद्र और मिलन स्वीट्स मोड़ से बाहर निकलेंगे।
ऑटो व तिपहिया वाहन: चौखूंटी फाटक से कोटगेट की ओर आने वाले तिपहिया वाहनों को केवल कसाईबारी स्थित एमआर होटल तक ही अनुमति होगी। पूर्णतः पैदल क्षेत्र:- फड़ बाजार से बी सेठिया गली के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी, यहां केवल पैदल चला जा सकेगा। पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों से दुकानों के आगे सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध न करने तथा आमजन से शराब पीकर वाहन न चलाने व नियमों का पालन करने की अपील की है।
कहां पार्क करें अपनी गाड़ी : रतन बिहारी पार्क मैदान, राजीव मार्ग स्थित फोर्ट स्कूल मैदान, सादुल स्कूल (पाबू पाठशाला), पुराना बस स्टैंड (सार्दुल सिंह सर्किल से हनुमान मंदिर रोड), सैन्य वाहनों के लिए: सार्दुल सिंह सर्किल के समीप अलग से पार्किंग स्थल बनाया गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ