कपिल सरोवर घाट पर बुजुर्ग की मौत, शव की नहीं हुई पहचान, पुलिस ने की पहचान की अपील
कपिल सरोवर घाट पर बुजुर्ग की मौत, शव की नहीं हुई पहचान, पुलिस ने की पहचान की अपील
बीकानेर। कोलायत स्थित प्रसिद्ध कपिल मुनि सरोवर घाट पर एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत होने का मामला सामने आया है। घटना 1 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। बुजुर्ग को अचानक चक्कर आने से वह नीचे गिर गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे उप जिला अस्पताल कोलायत पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने आमजन से बुजुर्ग की शिनाख्त में सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष है। उसका कद लगभग 6 फीट, रंग गेहुआं और दाढ़ी सफेद है। घटना के समय उसने भूरे रंग का कुर्ता पहन रखा था और सफेद चादर ओढ़ रखी थी। उसके गले में मालाएं भी थीं। हुलिए के आधार पर उसके साधु होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस को मृतक के पास से सुनील पांड्या पुत्र मगनलाल पांड्या के नाम का आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड पर कूचा नंबर 5, गुरुद्वारा दुख निवारण के पास, फील्डगंज, लुधियाना, पंजाब का पता अंकित है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि आधार कार्ड मृतक का ही है। मृतक की वास्तविक पहचान और परिजनों की जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोलायत थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त हुलिए के बुजुर्ग के बारे में जानकारी हो या किसी थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज हो तो तत्काल पुलिस थाना कोलायत, जिला बीकानेर को सूचित करें। पुलिस को उम्मीद है कि आमजन के सहयोग से मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सकेगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ