पंचायत राज कार्मिकों की मतदान दलों में ड्यूटी नहीं लगाने की मांग
खुलासा न्यूज,बीकानेर। पंचायती चुनाव-2026 को लेकर पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने मतदान दलों में पंचायत राज कार्मिकों की ड्यूटी नहीं लगाने की मांग की है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम बीकानेर पंचायत समिति के अतिरिक्त विकास अधिकारी दिनेश पालीवाल, सहायक विकास अधिकारी धर्मचंद धर्ट, गिरिराज शर्मा और सहायक विकास अधिकारी विश्वनाथ सिद्ध को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर फर्नीचर, पानी-बिजली, स्थानीय व्यवस्थाओं, सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य पंचायत राज कार्मिकों द्वारा किए जाते हैं।
संघ ने कहा कि निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पंचायत राज कार्मिकों को मतदान दलों में शामिल किया जाना उचित नहीं है। पूर्व में हुए पंचायत चुनावों में भी पंचायत राज कार्मिकों की ड्यूटी मतदान दलों में नहीं लगाई गई थी।संघ ने मांग की कि पंचायत चुनाव-2026 में पंचायत राज विभाग के कार्मिकों को मतदान दलों की ड्यूटी से मुक्त रखा जाए, ताकि पंचायत चुनाव से जुड़े अन्य आवश्यक कार्य सुचारू रूप से संपादित किए जा सकें। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष राजाराम गोदारा, बीकानेर ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश व्यास, रामनिवास जाखड़, राजूराम धर्ट, राकेश सारस्वत, नरपत दान, लक्ष्मण, सांवरलाल, ओमप्रकाश सारण, जयप्रकाश और प्रभुदयाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ