बीकानेर: फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, दंपती पर मामला दर्ज
बीकानेर: फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, दंपती पर मामला दर्ज
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ में छोले-कुलचे की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर गुजरात के एक दंपती द्वारा व्यापारी से 7.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव ने बताया की प्रमोद कुमार पुत्र लीलाधर बोथरा ने सूरत निवासी शेरे सौरभ राव हेमंतराव और उसकी पत्नी वैभवी शेरे के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
परिवादी के अनुसार उसका भाई अशोक कुमार सूरत में व्यवसाय करता है। इसी दौरान उसकी पहचान सौरभ राव से हुई। मार्च 2026 के प्रथम सप्ताह में सौरभ ने फूड फ्रेंचाइजी देने की बात कही। इसके बाद श्रीडूंगरगढ़ में संपर्क करने पर सौरभ और उसकी पत्नी वैभवी ने कुलचा क्राफ्ट की फ्रेंचाइजी देने का प्रस्ताव दिया।
परिवादी ने सौरभ के कैफे वर्धयन के बैंक खाते में 26 मार्च को 1 लाख, 8 अप्रैल को 93 हजार और 10 अप्रैल को 97 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद सौरभ के कहने पर उसकी पत्नी वैभवी की फर्म स्पाईस स्पेयर के खाते में 12 अप्रैल को 96 हजार, 14 अप्रैल को 64 हजार, 11 मई को 99,002 रुपए, 12 मई को 1.51 लाख और 14 मई को 50 हजार रुपए भेजे गए।
परिवादी का आरोप है कि बाद में उसके भाई ने जानकारी दी कि सौरभ और वैभवी किसी लेन-देन के मामले में भरूच जेल में बंद हैं। इसके बाद उसे फ्रेंचाइजी के नाम पर अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई देवाराम को सौंपी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ