रोडवेज-लोक परिवहन बस कंडक्टरों में झड़प, 2 घायल, सवारियां चढ़ाने को लेकर हुआ विवाद
रोडवेज-लोक परिवहन बस कंडक्टरों में झड़प, 2 घायल, सवारियां चढ़ाने को लेकर हुआ विवाद
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में सवारियों को लेकर रोडवेज और लोक परिवहन बस ड्राइवर व कंडक्टरों में झड़प हो गई। घटना में दोनों बसों के कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए और सिर में चोट लगी। घायलों को रायसिंहनगर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना हांडा चौक पर हुई। जानकारी अनुसार- रायसिंहनगर से श्रीगंगानगर जा रही दोनों बसें हांडा चौक के पास पहुंचीं। सवारियों को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-ही-देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। दोनों बसों के कंडक्टर आपस में भिड़ गए और एक दूसरे से मारपीट की।
इसी दौरान दोनों घायल हो गए। इसके बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने मामला शांत कराया और घायलों को रायसिंहनगर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, इस घटना से रायसिंहनगर-श्रीगंगानगर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। गर्मी में बसों में फंसी सवारियां काफी परेशान रहीं। घटना की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब 1 घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और आवाजाही शुरू हुई। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ