बडी खबर: करंट लगने से एक साथ 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, मशीन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा
बडी खबर: करंट लगने से एक साथ 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, मशीन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा
उदयपुरवाटी । राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सोमवार सुबह सडक़ बना रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। 5 अन्य मजदूर झुलस गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।
उदयपुरवाटी के रामपाल ने बताया- सडक़ पर काम कर रही रोड़ी-बजरी मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से छू गया। इससे मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया
आरसीसी डालने का काम करता था ठेकेदार विष्णु
ग्रामीणों ने बताया- जन सहयोग से सडक़ बनाई जा रही थी। करीब तीन-चार महीने से काम चल रहा था, जो बीच बीच में रुक जाता था। गांव का ठेकेदार विष्णु सैनी आरसीसी डालने का काम करता था। ग्रामीणों के कहने पर उसने सोमवार को काम फिर से शुरू किया था।
ग्रामीण बोले- सरकार इस गांव के लिए मर चुकी है
ग्रामीण अविनाश ने बताया- इस काम को बार-बार रोका गया। सरकार इस गांव के लिए मर चुकी है, चाहे कोई भी काम हो। इस काम के लिए गांव वालों ने पैसा इक_ा किया था। इसके बाद भी सरकारी अधिकारियों और नेताओं ने 2 बार काम बंद करवाया था। हाथा-जोड़ी कर फिर से काम शुरू करवाया था।
जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलने पर झुंझुनूं कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी कावेंद्र सिह सागर, विधायक भगवानाराम सैनी, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, गुर्जर नेता रविंद्र सिंह भडाना सहित कई लोग मौके पर पहुंचे।
मंत्री ने सीएम से बात की, मरने वालों में ठेकेदार भी शामिल
यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा मौके पर पहुंचे। लोगों से घटना की जानकारी ली। गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं आने पर सीएम भजनलाल शर्मा से बात करने के लिए मंत्री खर्रा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी स्टेट हाईवे पर आए। मंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्रामीण खुद के पैसे से काम करवा रहे थे। बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ है। हादसे में ठेकेदार विष्णु की भी मौत हो गई है।
मृतक हालेड़ा मंडावरा और छापोली के रहने वाले
हादसे में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23), छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की मौत हो गई।
मृतकों के परिजनों को संविदा पर नौकरी, 2-2 करोड़ मुआवजे की मांग
छापोली के प्रमोद सैनी ने कहा- मृतकों के आश्रितों को संविदा पर नौकरी और 2-2 करोड़ रुपए मुआवजा दिया जाए। इसके बाद गांव की कमेटी जो तय करेगी, उसके अनुसार मुआवजा दिया जाए।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ