बीकानेर: नहर में डूबे दूसरे युवक का शव भी मिला, दो दिन बाद खत्म हुआ सर्च ऑपरेशन
बीकानेर: नहर में डूबे दूसरे युवक का शव भी मिला, दो दिन बाद खत्म हुआ सर्च ऑपरेशन
महाजन। महाजन-अरजनसर के बीच नहर में डूबे दूसरे युवक का शव भी बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही दो दिनों से चल रहा तलाश अभियान समाप्त हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को आरडी-125 के पास नहर में नहाने के दौरान दिनेश मेघवाल और जगदीश मेघवाल गहरे पानी में डूब गए थे। घटना के समय उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
बुधवार को एसडीआरएफ टीम ने दिनेश मेघवाल का शव बरामद कर लिया था, जबकि जगदीश मेघवाल की तलाश लगातार जारी थी। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब ढाई बजे परिजन नहर किनारे मर्करी लाइट लगाकर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 8 से 9 किलोमीटर दूर महाजन कस्बे के पास नहर में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
शव की पहचान जगदीश मेघवाल के रूप में हुई। इसके बाद शव को महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जगदीश का शव मिलने के साथ ही दोनों युवकों की तलाश का अभियान समाप्त हो गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ