बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: वाहन चोरी करने वाले दो आदतन अपराधियों को चार बाइकों के साथ पकड़ा
बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: वाहन चोरी करने वाले दो आदतन अपराधियों को चार बाइकों के साथ पकड़ा
बीकानेर। पुलिस थाना कोटगेट ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशों के बाद शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी नगर अनुज डॉला के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रकाश नायक (23), निवासी राजीव नगर मुक्ताप्रसाद नगर तथा रामचन्द (27), निवासी सर्वोदय बस्ती मुक्ताप्रसाद नगर को दस्तयाब किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बीकानेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
दोनों आरोपियों को प्रकरण संख्या 143/2026 में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, जबकि अन्य तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य वारदातों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह, एएसआई रेंवतराम, हैड कांस्टेबल हेतराम, कांस्टेबल संपतलाल व संजय शामिल रहे। वहीं, कांस्टेबल संपतलाल की विशेष भूमिका रही।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ