बीकानेर: क्रेशर में फंसने से युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का धरना
बीकानेर: क्रेशर में फंसने से युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का धरना
बीकानेर। श्रीकोलायत के मोखा के पास देर शाम क्रेशर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लीलाधर पुत्र अर्जुदास, निवासी मोखा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीण कोलायत थाने के बाहर एकत्रित हुए और धरना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार लीलाधर क्रेशर पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक क्रेशर में फंस गया और गंभीर हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को कोलायत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष जय सिंह भाटी के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में पीड़ित परिवार को 15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने और सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले अन्य लाभ दिलाने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
वार्ता के दौरान कोलायत उपखंड अधिकारी राजेश कुमार नायक, थानाधिकारी जसवीर सिंह, एएसआई लखपत सिंह सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। उपखंड अधिकारी राजेश कुमार नायक ने बताया कि वार्ता के बाद 15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा सरकारी योजनाओं से मिलने वाले अन्य लाभ दिलाने पर सहमति बनी है।
पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के बाद मोखा गांव में शोक का माहौल है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ