बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड के हाल बेहाल, यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए करना पड़ रहा संघर्ष
बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड के हाल बेहाल, यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए करना पड़ रहा संघर्ष
बीकानेर। शहर का मुख्य रोडवेज बस स्टैंड इन दिनों अव्यवस्थाओं का आलम देखते ही बनता है। यहां आने वाले हजारों यात्रियों को रोजाना मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। पीने के स्वच्छ पानी से लेकर शौचालय तक की सुविधाएं बदहाल स्थिति में हैं, जिससे यात्रियों में परेशानी देखने को मिलती है। बस स्टैंड पर सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है। यात्रियों का कहना है कि परिसर में लगे वाटर कूलर या तो बंद पड़े हैं या उनमें पानी उपलब्ध नहीं है। कई बार इस भीषण गर्मी में ठंडा पानी भी नहीं मिलता है। ऐसे में यात्रियों को मजबूरी में बाहर से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है। भीषण गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है।
कलक्टर के आदेश के बाद भी सुनवाई नहीं
कुछ दिन पहले जिला कलक्टर ने रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार, यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए थे। हालांकि, निरीक्षण के बाद भी हालात में कोई उल्लेखनीय सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। कलक्टर के निर्देश केवल कागजों तक ही सीमित रह गए हैं और जमीनी स्तर पर उनका कोई असर नजर नहीं आ रहा। यहां आज भी पहले जैसी ही स्थिति देखने को मिल रही है।
बदबू भी बनी परेशानी
बस स्टैंड पर बने सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। कई बार शौचालयों पर ताला लगा रहता है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा होती है। लंबे सफर पर आने-जाने वाले यात्रियों को मजबूरी में वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ती है। वहीं, जहां शौचालय खुले रहते हैं, वहां भी साफ-सफाई की कमी और दुर्गंध के कारण उनका उपयोग करना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में कई दुकानों द्वारा निर्धारित सीमा से आगे तक अतिक्रमण किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। दुकानों के आगे तक फैल जाने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होती है। बसों के आने-जाने के दौरान भीड़भाड़ बढ़ जाती है और यात्रियों को अपने सामान के साथ निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
क्या कहते है जिम्मेदार
आगार मुख्य प्रबंधक इंद्रा गोदारा ने कहा कि कलक्टर साहब यहां आए थे और यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्था और सफाई का ध्यान रखने के लिए कहा गया था। कांच टूटे थे उनको सही करने के लिए कहा था। इसके बाद काम हुआ है। कांच सही करवाए है, साइन बोर्ड और चार्जर लगवाए गए है। आगे भी ये ही है की साफ़-सफाई हो। सुलभ कॉम्प्लेक्स को लेकर कहा की एक दो दिन पहले बना है। नगर निगम से बात करके शुरू करवाया जाएगा। ठंडे पानी की प्याऊ को भी रिपेयर करने की कार्रवाही की जा रही है। पोस्टर हटवा रहे है लेकिन रोजाना फिर से लग रहे है। इसको लेकर पाबंद किया जा रहा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ