बीकानेर: फैक्ट्री परिसर के पानी के कुंड में मिला 28 वर्षीय मजदूर का शव
बीकानेर: फैक्ट्री परिसर के पानी के कुंड में मिला 28 वर्षीय मजदूर का शव
बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र के खारा स्थित जिप्सम उद्योग परिसर में पानी के कुंड में एक 28 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धीरज राय पुत्र कालीपाड़ा राय, निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है, जो दिलोईया जिप्सम उद्योग के पास रहकर मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार घटना 10 अगस्त की है। मृतक के जीजा जयदीप बर्मन ने पुलिस को बताया कि धीरज रात से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान विकासपुरा जिप्सम उद्योग परिसर स्थित पानी के कुंड में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुंड से बाहर निकलवाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ