विधायक और अधिकारी में बहस, तू-तड़ाक तक पहुंचा विवाद, पढ़़ें खबर
खुलासा न्यूज,नेटवर्क। विधायक और अधिकारी के बीच बहस और तू-तडाक तक बात पहुंच जाने की खबर सामने आयी है। मामला भरतपुर से जुड़ा है। जहां पर बयाना में मीटिंग के दौरान विधायक ऋतु बनावत और नगर पालिका के ईओ अनीता कुशवाह के बीच जमकर बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा की बात तू-तड़ाक तक पहुंच गयी।
दरअसल, बयाना नगर पालिका में शुक्रवार को विधायक ऋतु बनावत अधिकारियों की बैठक लेने पहुंची थीं। उन्होंने पालिका की ईओ अनीता कुशवाह से कई सवाल किए।
इस दौरान वहां बैठे लोगों में मौजूद ईओ के भतीजे नितिन कुशवाह ने टोकते हुए कहा कि अच्छे कामों की कोई तारीफ नहीं करता। इस पर विधायक ने पूछा- आप कौन हैं
जवाब में ईओ के भतीजे ने कहा- मैं जनता हूं, सब बोल रहे हैं तो मैं भी बोल रहा हूं। विधायक ने कहा कि आप चुप रहिए, बीच में मत बोलिए। यहां अधिकारियों की बैठक चल रही है। मीटिंग अनुशासन में होगी।
इस बात पर ईओ नाराज हो गई और विधायक से कहा- वो जनता है, उनको कैसे निकालने के लिए बोल दिया तूने, वो मेरी फैमिली है। जवाब में विधायक ने कहा कि बदतमीजी नहीं चलेगी। हालांकि लोगों के बीच बचाव करने के बाद मामला शांत हुआ।
मीटिंग में विधायक ऋतु बनावत ने नगर पालिका के कामकाज को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। विधायक ने जब नगर पालिका की फाइलों को देखा तो, उसमें पता लगा कि बयाना की सफाई का ठेका बार-बार एक ही कंपनी को दिया जा रहा है। इसे लेकर विधायक ने ईओ से सवाल किए, तो सही जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने टेंडर की जांच करवाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि आखिर बार-बार ऐसा क्यों हो रहा है, कमीशन का मामला है क्या इसमें यह मेरे संज्ञान में अब आया है, ऐसे में इसकी जांच होनी चाहिए।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ