अज्ञात चोर ने घर के ताले तोडक़र नगदी व जेवर चोरी कर ले गये
बीकानेर। मुक्ता प्रसाद नगर थाना क्षेत्र की सर्वोदय बस्ती में सूने मकान के ताले तोडक़र चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने मकान में बने हनुमान मंदिर को भी नहीं छोड़ा और वहां से सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र और पीतल का घंटा चोरी कर लिया। इसके अलावा घर से 60 हजार रुपए नकदी, जमीन-खेत के मूल दस्तावेज, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान भी चोरी होने की रिपोर्ट दी गई है।
परिवादी नारायण दास पुत्र हनुमान दास जोशी, निवासी झंवरों का चौक, बीकानेर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद देकर मामला दर्ज करवाया है। परिवादी के अनुसार उसका सर्वोदय बस्ती में लक्ष्मी बुलन मिल के पास मकान है, जहां वह अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से रह रहा है। करीब 18 दिन पहले उसकी माता का निधन होने के कारण वह अपने पिता के घर चला गया था।
28 अगस्त को जब वह अपनी पत्नी के साथ सर्वोदय बस्ती स्थित मकान पर पहुंचा तो घर का पूरा सामान बिखरा मिला। कमरों के ताले टूटे हुए थे। मकान में बने हनुमान मंदिर के ताले भी टूटे मिले। मंदिर से सोने के कुछ आभूषण, दस चांदी के छत्र और करीब 11 किलो वजन का पीतल का घंटा सहित अन्य सामान चोरी मिला।इसके बाद कमरे की जांच करने पर 60 हजार रुपए नकद, जमीन और खेत के मूल दस्तावेज, पत्नी के सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान गायब मिला। रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए आभूषणों में दो सोने के पाटला, चार सोने की चूडिय़ां, एक सोने की चेन, एक जोड़ी चांदी की पायल और छह चांदी की बिछुडिय़ां शामिल हैं। इसके अलावा 10 टोपिये, 10 थालियां, 10 गिलास, 20 लोटे, साडिय़ां तथा घर की बिजली सर्विस लाइन भी काटे जाने की बात सामने आई है।
पड़ोसियों पर धमकाने का आरोपपरिवादी ने रिपोर्ट में पड़ोसी मेनक गहलोत और राजेश कडवासरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले दोनों कथित तौर पर शराब के नशे में थे और उन्होंने परिवादी के दोहितों मोनू ओझा और मंथन भादाणी को डराया-धमकाया था। आरोप है कि दोनों ने कहा था कि वे वहां से चले जाएं, बाद में वे सब कुछ देख लेंगे।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों पड़ोसी आए दिन शराब के नशे में उसके और परिवार के साथ झगड़ा करते हैं तथा जमीन से बेदखल करने और घर छुड़ाने की धमकियां देते रहे हैं।परिवादी के अनुसार उसने 28 अगस्त की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच पुलिस थाना मुक्ता प्रसाद में घटना को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद प्रस्तुत किया।पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सतीश को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ