बीकानेर आर्मी कैंट में करंट लगने से 22 वर्षीय अग्निवीर जवान की मौत
बीकानेर आर्मी कैंट में करंट लगने से 22 वर्षीय अग्निवीर जवान की मौत
बीकानेर। बीकानेर स्थित आर्मी कैंट में तैनात 22 वर्षीय अग्निवीर जवान नरेंद्र कुमार यादव की ड्यूटी के दौरान बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मुंडेरवा नगर पंचायत क्षेत्र के उमरी अहरा गांव निवासी नरेंद्र कुमार यादव वर्ष 2024 में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। छह माह का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली तैनाती बीकानेर आर्मी कैंट की 524 एएससी बटालियन में हुई थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात यूनिट में ड्यूटी के दौरान अचानक करंट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। यूनिट के सूबेदार अविजीत मना की रिपोर्ट पर सदर थाने में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पोस्टमार्टम के बाद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया गया।
नरेंद्र कुमार यादव अपने पिता रामरक्षा यादव के सबसे बड़े पुत्र थे और परिवार की बड़ी उम्मीद माने जाते थे। सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना उनका सपना था, जिसे उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से साकार किया था।
जवान की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार नरेंद्र बचपन से ही मेहनती, सरल स्वभाव और मिलनसार थे। सेना ने शनिवार रात ही उनके छोटे भाई को घटना की सूचना दे दी थी। पार्थिव शरीर के सोमवार को पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। फिलहाल पुलिस करंट लगने के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ