बीकानेर: महिला के खाते से 1.95 लाख निकले, 40 लाख के दो चेक लगाए, पति समेत छह पर केस
बीकानेर: महिला के खाते से 1.95 लाख निकले, 40 लाख के दो चेक लगाए, पति समेत छह पर केस
बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में बैंक खाते से 1.95 लाख रुपये ट्रांसफर होने और महिला के हस्ताक्षर वाले 40 लाख रुपये के दो चेक बैंक में प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति समेत छह लोगों पर चेक चोरी कर उनका दुरुपयोग करने और राशि निकालने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार सिमरन पत्नी हेमन्त ने रिपोर्ट में बताया कि 18 सितंबर को उसके बैंक खाते से चेक संख्या 000019 के जरिए 1.95 लाख रुपये सोनू नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर होने का मैसेज मिला। महिला का कहना है कि उसने सोनू को कोई चेक नहीं दिया था। इसके बाद 19 सितंबर को बैंक पहुंचकर उसने खाते से जुड़े चेकों पर स्टॉप पेमेंट करवा दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद चेक संख्या 000020 से शिवरतन नागल के नाम 20 लाख रुपये और 22 सितंबर को चेक संख्या 000021 से जयसिंह के नाम 20 लाख रुपये के चेक क्लियरेंस के लिए बैंक में प्रस्तुत किए गए। दोनों चेकों पर भी बैंक की ओर से स्टॉप पेमेंट कर दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके हस्ताक्षर किए हुए चेक उसके पति के पास थे और उन्हें घर से निकालकर संबंधित लोगों ने बैंक में प्रस्तुत किया। रिपोर्ट में महिला ने पति हेमन्त सागवान, ससुर ओमप्रकाश, सास संतोष, मामा ससुर शिवरतन नागल, जयसिंह और सोनू के खिलाफ चेकों का कथित रूप से दुरुपयोग करने और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई ईश्वर सिंह को सौंपी है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड और चेकों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ