1520 लीटर संदिग्ध घी जब्त:नकली होने की आशंका के चलते की कार्रवाई, त्योहारी सीजन में खपाने की थी तैयारी
1520 लीटर संदिग्ध घी जब्त:नकली होने की आशंका के चलते की कार्रवाई, त्योहारी सीजन में खपाने की थी तैयारी
सूरतगढ़। सूरतगढ़ में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार शाम को वार्ड नंबर 39 स्थित पारस होलसेल भंडार पर छापेमारी कर करीब 1520 लीटर विभिन्न ब्रांड का संदिग्ध घी जब्त किया।
नकली घी होने की आशंका के चलते की गई इस कार्रवाई में जब्त घी की बाजार कीमत 8.25 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस घी को त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी।
सैम्पल जांच के लिए भेजा
श्रीगंगानगर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद सूरतगढ़ में भी छापेमारी की गई। सीआई कलावती चौधरी ने बताया कि संदिग्ध घी की सूचना मिलने पर रविवार शाम पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पारस होलसेल भंडार पर दबिश दी। दुकान में रखे विभिन्न कार्टनों की जांच करने पर बंसरी, वास्तु, मायरा सहित 6 अलग-अलग ब्रांड का घी मिला। प्रथम दृष्टया घी के नकली होने की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने घी के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाने की तैयारी की।वहीं, जब्त किए गए घी को सील करने की कार्रवाई की गई। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और उसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कार्रवाई से बाजार में मचा हडक़ंप
कार्रवाई की सूचना फैलते ही बाजार में एकबारगी हडक़ंप मच गया। त्योहारी सीजन से ठीक पहले बड़ी मात्रा में संदिग्ध घी मिलने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बाजार में बिकने वाले उत्पादों की शुद्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
इस दौरान सीआई कलावती चौधरी, एएसआई छोटूराम, हेड कॉन्स्टेबल गुलाब सिंह, कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेतराम खुडिय़ा, मंजू बाला और नित्या शर्मा मौजूद रहे। देर रात करीब 10:30 बजे तक फर्म पर जांच और कार्रवाई जारी रही।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ