खुलासा न्यूज,बीकानेर। नापासर थाने की कमान कविता पूनिया को सौंपन के बाद से ही थाना टीम अलर्ट मोड़ पर है। बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश के निर्देशानुसार नापासर थाना पुलिस ने शनिवार शाम 6 से रात 9 बजे तक बीकानेर रोड स्थित रेलवे फाटक के पास ए श्रेणी की हथियारबंद नाकाबंदी की।
नाकाबंदी का नेतृत्व थानाधिकारी कविता पूनिया ने स्वयं किया। इस दौरान सभी छोटे-बड़े वाहनों को रोककर सघन तलाशी ली गई। थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि वाहनों की डिक्की, केबिन और अन्य हिस्सों की गहन जांच की गई, ताकि किसी प्रकार का मादक पदार्थ, अवैध हथियार या संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही न हो सके। साथ ही काली फिल्म, सीट बेल्ट, हेलमेट और अन्य यातायात नियमों की भी जांच की गई।
नाकाबंदी के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान थानाधिकारी कविता पूनिया ने कई वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा, "आपका जीवन अमूल्य है। आपकी आपके परिवार को सबसे अधिक आवश्यकता है । अपने बच्चों के लिए आप हेलमेट लगाए,बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना आपकी और आपके परिवार की जान को खतरे में डाल सकता है। हमेशा हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का पालन करते हुए ही दोपहिया वाहन चलाएं।"
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नाकाबंदी के दौरान एएसआई कविंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह, हेड कांस्टेबल जयवीर सिंह सहित पुलिस जाब्ता पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ