बीकानेर में महिला की मौत के मामले में नया मोड़, युवक पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज
बीकानेर में महिला की मौत के मामले में नया मोड़, युवक पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में पानी की कुंडी में महिला का शव मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी ब्रिजेश कुमार लखोटिया और मृतका श्वेता लखोटिया के भाई राकेश करणानी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 नवंबर की शाम मृतका का पुत्र गोविंद लखोटिया घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। परिजनों के अनुसार, घर में तलाश करने पर श्वेता लखोटिया का शव पानी की कुंडी में मिला। मौके से मृतका के हाथों से लिखा करीब साढ़े पांच पृष्ठ का सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात कही गई है।
सुसाइड नोट में युवक पर प्रताड़ित करने के आरोप
परिजनों ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि सुसाइड नोट में मोहित लाहोटी का नाम लिखा गया है। उस पर मृतका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, शोषण करने, पैसों की मांग करने और लोन का झांसा देकर परेशान करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर श्वेता ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मोहित लाहोटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सीओ अनुज डाल को सौंपी गई है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ