बीकानेर में रहस्यमयी ड्रोन की एंट्री! खेत में मिलने से मची सनसनी,जाँच में जुटी सेना और पुलिस
बीकानेर में रहस्यमयी ड्रोन की एंट्री! खेत में मिलने से मची सनसनी,जाँच में जुटी सेना और पुलिस
खुलासा ऑनलाइन। बीकानेर जिले के महाजन कस्बे के निकट रामबाग माइनर के चक 3 आरबीएम स्थित एक खेत में मंगलवार को रहस्यमयी ड्रोन मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत में कार्य कर रहे किसानों की नजर ड्रोन पर पड़ते ही उन्होंने इसकी सूचना महाजन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन कहां से आया और किन परिस्थितियों में खेत में गिरा। पुलिस इसकी तकनीकी जांच कराने के साथ-साथ संबंधित एजेंसियों से भी जानकारी जुटा रही है।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्रोन आकार में किसी छोटे विमान जैसा दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में उत्सुकता और चिंता दोनों बनी हुई हैं। गौरतलब है कि महाजन क्षेत्र में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके के निकट ड्रोन का मिलना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है। सूचना मिलने के बाद सैन्य अधिकारी और आर्मी इंटेलिजेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा ड्रोन की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल महाजन पुलिस, सैन्य अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ड्रोन किसका है, यहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या कारण रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ