चाचा ने 16 वर्षीय भतीजी पर कुल्हाड़ी से 40 वार कर उतारा मौत के घाट, फिर कीटनाशक पीकर दी जान देने की कोशिश
चाचा ने 16 वर्षीय भतीजी पर कुल्हाड़ी से 40 वार कर उतारा मौत के घाट, फिर कीटनाशक पीकर दी जान देने की कोशिश
राजस्थान के डीडवाना जिले के खुनखुना थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली कहासुनी के बाद 40 वर्षीय ओमप्रकाश पर अपनी 16 वर्षीय भतीजी अक्षिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नाबालिग पर कुल्हाड़ी से करीब 40 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोती को बचाने पहुंची दादी तुलछा देवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे ओमप्रकाश कुल्हाड़ी लेकर अपने चचेरे भाई भूराराम के घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर उसकी और अक्षिता की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से नाबालिग पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उस समय अक्षिता की मां खेती के काम से घर से बाहर गई हुई थी, जबकि उसके पिता विदेश में काम करते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर खुनखुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घायल तुलछा देवी को उपचार के लिए कुचामन अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अक्षिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
पुलिस आरोपी की तलाश में खेतों की तरफ गई तो रास्ते में कीटनाशक की एक खाली बोतल मिली। कुछ दूरी पर ओमप्रकाश बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की थी। उसे डीडवाना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रेफर कर दिया गया।
एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि आरोपी और मृतका के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ तथा हत्या के पीछे क्या कारण थे, इसका खुलासा आरोपी के बयान और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ