बीकानेर: पानी में तैरता हुआ मिला महिला का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
बीकानेर: पानी में तैरता हुआ मिला महिला का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के मुण्डसर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने उसकी सास और पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और खेत में बनी डिग्गी में धकेलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सामरदा निवासी महावीर जाट ने 15 अगस्त को नापासर थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उनकी 24 वर्षीय बेटी पुष्पा की शादी वर्ष 2017 में मुण्डसर निवासी नरेन्द्र कुमार से हुई थी। पुष्पा की कम उम्र होने के कारण उसका मुकलावा वर्ष 2022 में किया गया था।
पिता का आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद पुष्पा की सास मैनादेवी दहेज के सामान को लेकर उसे ताने देने लगी। दहेज में मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट की जाती थी। पति नरेन्द्र कुमार भी कथित तौर पर अपनी मां का पक्ष लेता था।
रिपोर्ट में बताया गया कि पुष्पा ने मायके पक्ष के लोगों को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद समाज के लोगों और पंच-पंचायत के स्तर पर समझाइश कर विवाद खत्म कराने के प्रयास किए गए, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद पुष्पा के साथ मारपीट जारी रही।
महावीर के अनुसार घटना से दो दिन पहले पुष्पा ने फोन कर उसे मायके ले जाने के लिए कहा था। उस समय घरेलू काम से बाहर होने के कारण पिता ने दो दिन बाद आने की बात कही थी। आरोप है कि इसके अगले दिन रात में पुष्पा को उसकी सास मैनादेवी और पति नरेन्द्र कुमार ने खेत में बनी डिग्गी में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पिता के अनुसार 15 अगस्त की सुबह करीब सात बजे परिवार को किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से पुष्पा की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वह परिवार के लोगों के साथ करीब 12:30 बजे मुण्डसर पहुंचा, जहां पुष्पा का शव खेत में बनी डिग्गी में मिला।
पुलिस ने मृतका के पिता की रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच गंगाशहर वृत्ताधिकारी हिमांशु शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ