बीकानेर: टोल के पास बायो डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, अवैध रूप से डीजल निकालते समय हादसे की आशंका
बीकानेर: टोल के पास बायो डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, अवैध रूप से डीजल निकालते समय हादसे की आशंका
बीकानेर। भारतमाला सड़क के पास अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर जैतपुर टोल प्लाजा के नजदीक एक होटल की चारदीवारी में खड़े बायो डीजल टैंकर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि टैंकर से कथित रूप से अवैध तरीके से डीजल निकाला जा रहा था, तभी आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर टोल प्लाजा के पास स्थित होटल की चारदीवारी में कुछ लोग बायो डीजल टैंकर से डीजल निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा टैंकर आग की लपटों से घिर गया।
घटना की सूचना मिलने पर महाजन थाने के एएसआई जगदीश प्रसाद मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना देकर आग बुझाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाई।
टैंकर में आग की भयावह स्थिति को देखते हुए होटल मालिक ने एहतियात के तौर पर होटल का सामान बाहर निकलवाया और परिसर खाली करवा दिया। वहीं, पास में स्थित शराब की दुकान के ठेकेदार ने भी दुकान से शराब और अन्य सामान बाहर निकालकर दुकान खाली कर दी, ताकि किसी संभावित अनहोनी से बचा जा सके।
टैंकर में लगी आग इतनी भीषण थी कि घटना के करीब आधे घंटे बाद भी आग की ऊंची लपटें उठती रहीं। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर एकत्रित हो गए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों, संभावित जनहानि और संपत्ति के नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ