अपर महाप्रबंधक ने लालगढ़ स्टेशन का किया निरीक्षण, लालगढ़ स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों का लिया जायजा
खुलासा न्यूज,बीकानेर। शनिवार (26.09.26) को उत्तर-पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने बीकानेर मंडल के दौरे के दौरान लालगढ़ रेलवे स्टेशन एवं लालगढ़ यार्ड का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं तथा विभिन्न विकास एवं संरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 18.70 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित लालगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लालगढ़ रेलवे स्टेशन अब टर्मिनल स्टेशन के रूप में जाना जाएगा एवं इस स्टेशन पर छह प्लेटफार्म बनेंगे। अपर महाप्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा स्टेशन पर स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर महाप्रबंधक ने लालगढ़ स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर एफओबी का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें अवगत करवाया कि एफओबी का 82 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने स्टेशन के वाटर बूथ पर उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।
पानी की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को पानी की तकनीकी जांच करवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा तत्काल पानी की जांच की गई। अपर महाप्रबंधक ने यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने तथा पानी की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर महाप्रबंधक ने लालगढ़ यार्ड का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड में ट्रैक, ट्रैक प्वाइंट एवं क्रॉसिंग सहित अन्य परिचालन एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यार्ड में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के साथ मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ बैठक की एवं मंडल पर हो रहे कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक के दौरान उन्होंने मंडल में रेल परिचालन, संरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में विशेष दिशा- निर्देश दिए।
रेलवे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्वच्छता शपथ एवं वृक्षारोपण
अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने रेलवे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट एवं गाइड तथा स्कूली विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। जिस पर सभी ने प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने सभी से रेलवे परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक ने रेलवे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
अपर महाप्रबंधक ने स्काउट एवं गाइड तथा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक वीरेन्द्र जोशी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक साहिल गर्ग, मंडल खेल अधिकारी विष्णु चौधरी सहित मंडल के शाखा अधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ