तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की मौत, दो दिन बाद तोड़ा दम
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की मौत, दो दिन बाद तोड़ा दम
बीकानेर । जिले के पांचू थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 21 अगस्त की रात हुआ था। करीब दो दिन तक अस्पताल में उपचार के बाद 23 अगस्त की सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार दांवा निवासी कानाराम पुत्र लिखमाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके भाई शुभाराम की मोटरसाइकिल को 21 अगस्त की रात करीब 8 बजे एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शुभाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद घायल शुभाराम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। करीब दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 23 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पांचू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ