शराब के लिए रुपये नहीं देने पर युवक से मारपीट का आरोप, SC-ST एक्ट में मामला दर्ज
शराब के लिए रुपये नहीं देने पर युवक से मारपीट का आरोप, SC-ST एक्ट में मामला दर्ज
नापासर। बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र के कल्याणसर अगुणा गांव में शराब के लिए रुपये देने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित देवीलाल नायक ने नापासर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे देवीलाल अपने खेत जा रहे थे। गांव से बाहर निकलते ही रास्ते में ओंकार सिंह और कुछ अन्य लोग शराब पी रहे थे। आरोप है कि उन्होंने देवीलाल को रोककर शराब के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर ओंकार सिंह ने कथित तौर पर जातिसूचक और अपमानजनक गालियां देते हुए उनके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, बाद में कुंभाराम, ढोकराराम और जगदीश राम नायक ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया।
पीड़ित ने घटना के पीछे चुनावी रंजिश होने का आरोप भी लगाया है। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि उसने उनकी पार्टी को वोट नहीं दिया, इसलिए उसे जान से मार देंगे।
थानाधिकारी कविता पूनिया के निर्देशन में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2), 119(1) तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं 3(1)(r), 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच वृत्ताधिकारी गंगाशहर को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ