फेसबुक वीडियो कॉल से युवक बना सेक्सटॉर्शन का शिकार, ₹68,600 की ठगी, फर्जी पुलिस बनकर दी धमकी
फेसबुक वीडियो कॉल से युवक बना सेक्सटॉर्शन का शिकार, ₹68,600 की ठगी, फर्जी पुलिस बनकर दी धमकी
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ के सेरूणा थाना क्षेत्र में एक युवक सेक्सटॉर्शन का शिकार हो गया। फेसबुक पर वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर ठगों ने उससे 68,600 रुपये ऐंठ लिए। मामले का खुलासा तब हुआ जब ठगों ने और पैसे मांगे और युवक ने परिजनों से बात की। पुलिस के अनुसार सूडसर उपतहसील क्षेत्र के गोपालसर गांव निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 22 जून को फेसबुक पर एक युवती ने उसे वीडियो कॉल किया। कॉल रिसीव करने पर युवती निर्वस्त्र दिखाई दी, जिसके बाद युवक ने तुरंत कॉल काट दिया।
इसके बाद 27 जून को दोबारा वीडियो कॉल कर युवक को उसका कथित अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर वीडियो कॉल किया और एफआईआर दर्ज कराने, घर पर पुलिस भेजने तथा गिरफ्तार कराने की धमकी देकर युवक को डरा दिया।
आरोपियों ने युवक को एक कथित यूट्यूबर का नंबर दिया और कहा कि वह वीडियो डिलीट करवा देगा। डर के कारण युवक ने अपने भांजे के फोनपे खाते से अलग-अलग किश्तों में 68,600 रुपये भेज दिए। इसके बाद फर्जी पुलिस अधिकारी ने मामला रफा-दफा करने के नाम पर कोर्ट में जुर्माना भरने के लिए 38,150 रुपये और मांगे। इस पर युवक ने अपने रिश्तेदार से सलाह ली, तब उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की। सेरूणा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ