युवक के साथ मारपीट कर नगदी छीन ली, वीडियों वायरल करने की धमकी देकर मांगे लाखों रुपए
युवक के साथ मारपीट कर नगदी छीन ली, वीडियों वायरल करने की धमकी देकर मांगे लाखों रुपए
नोखा। नोखा में एक युवक के साथ मारपीट कर रुपए छीनने, अपहरण का प्रयास करने और मारपीट का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पीडि़त मुकुल सोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मस्जिद चौक निवासी मुकुल सोनी ने रिपोर्ट में बताया कि 15 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे वह बाबा छोटूनाथ स्कूल के मैदान में चल रहे 108 अग्निकुंड यज्ञ की परिक्रमा कर स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान जैन चौक पर काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो में सवार विक्रम खिचड़ और शक्तिसिंह ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया। परिवादी का आरोप है कि दोनों ने उससे शराब पीने के लिए रुपए मांगे। मना करने पर विक्रम ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों और लातों से मारपीट की तथा गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया।
जेब से 850 रुपए छीनने का आरोप
परिवादी के अनुसार, मारपीट के दौरान शक्तिसिंह ने घटना का वीडियो बनाया और उसकी जेब से 850 रुपए छीन लिए। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने तथा वीडियो वायरल कर समाज और परिवार में बदनाम करने की धमकी दी। परिवादी ने बताया कि धमकियों के डर से उसने शुरुआत में किसी को घटना के बारे में नहीं बताया।
वीडियो वायरल कर एक लाख रुपए मांगने का आरोप
रिपोर्ट में बताया गया कि बाद में आरोपियों ने कथित तौर पर एक लाख रुपए देने पर वीडियो डिलीट करने की बात कही और रुपए नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परिवादी का आरोप है कि एक-दो दिन पहले उसके साथ मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई तनसुखराम को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ