कभी दिन में भी नहीं होता था काम, रात में भी चल रहा है...सुना है सरकार बीकानेर आ रही है।
कभी दिन में भी नहीं होता था काम, रात में भी चल रहा है...सुना है सरकार बीकानेर आ रही है।
बीकानेर। लंबे समय से विकास को तरस रहे बीकानेर को सरकार के आगमन पर बड़ी उम्मीद जगी है। बड़े-बड़े गड्ढे, जाम सीवरेज से परेशान इस शहर में काम ने रफ्तार पकड़ ली है। पहले दिन में भी काम पूरे नहीं होते थे अब सरकार को दिखाने के लिए रात को भी काम धड़ल्ले से चल रहे है। सरकारी दौरे की तैयारियों के बीच शहर में कई स्थानों पर रात के समय भी निर्माण कार्य जारी हैं। जहां पहले दिन में भी कार्यों की रफ्तार बेहद धीमी रहती थी, वहीं अब देर रात तक मशीनें और मजदूर काम में जुटे दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन की इस सक्रियता को लेकर लोगों में यह चर्चा भी है कि सरकार के दौरे के बाद भी यदि यही गति बनी रहे तो शहर की तस्वीर बदल सकती है।
इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण समस्याएं अभी भी समाधान की प्रतीक्षा में हैं। रोडवेज बस स्टैंड के आगे मुख्य सड़क लंबे समय से टूटी हुई पड़ी है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। शहर का गिन्नाणी क्षेत्र भी अपनी पुरानी समस्याओं से अब तक उबर नहीं पाया है। यहां जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकला। बरसात के मौसम में हालात और अधिक बिगड़ जाते हैं, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होता है। बस स्टेण्ड के अंदर कलक्टर के दौरे के बाद भी स्थित में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
इसी प्रकार नगर निगम कार्यालय से थोड़ा आगे का क्षेत्र भी जलभराव की समस्या से परेशान है। यहां पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सरकार के दौरे से पहले इन स्थानों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाए तो लोगों को वास्तविक राहत मिल सकती है।
महज औपचारिकता और कुछ नहीं इन दिनों काम में तेजी जरूर आई है। लेकिन ये लीपापोती कितने दिन तक टिक पाती है वो तो आने वाला समय ही बताएगा। शहरवासियों का मानना है कि सरकार का दौरा केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इससे बीकानेर की वर्षों पुरानी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए। लोगों को उम्मीद है कि सड़कें, सीवरेज, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य केवल दौरे तक सीमित न रहकर निरंतर जारी रहेंगे। अब देखना यह होगा कि सरकारी आगमन के बाद भी विकास कार्यों की यही रफ्तार बनी रहती है या फिर यह सक्रियता केवल तैयारियों तक ही सीमित रह जाती है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ