निर्दलीय जीतकर पार्षद बने और जीतने के बाद चाय पीते-पीते हो गयी मौत
खुलासा न्यूज,नेटवर्क। पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका में चुनाव जीतने के एक दिन बाद निर्दलीय पार्षद की मौत हो गई। वार्ड-7 से निर्दलीय पार्षद अबरार खान मेव (58) मंगलवार सुबह घर पर थे। उनके घर जीत की बधाई देने वाले पहुंच रहे थे।
इस दौरान सुबह करीब 8 बजे चाय पीते समय उनके सीने में अचानक दर्द हुआ। परिवार और वहां मौजूद लोग तुरंत उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां करीब 9 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। सोमवार को घोषित नतीजों में बीजेपी और कांग्रेस ने 11-11 वार्ड पर जीत दर्ज की। तीन वार्ड निर्दलीयों ने जीते।
यहां बोर्ड बनाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों को निर्दलीयों के समर्थन की जरूरत है। अब निर्दलीय पार्षद अबरार खान की मौत के बाद बोर्ड गठन के गणित पर असर पड़ा है। पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर भी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने बताया- जीत के बाद कल (14 सितंबर को) अबरार खान को बधाई दी थी और उनका मुंह भी मीठा करवाया था। अबरार खान कोयले के बड़े व्यापारी और मुस्लिम समाज के सदर (अध्यक्ष) थे। वे वार्ड पंच भी रह चुके थे। मारवाड़ जंक्शन पहली बार नगरपालिका बनी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ