बीकानेर: बोलेरो कैंपर की टक्कर से महिला की मौत, हादसे के बाद चालक फरार
बीकानेर: बोलेरो कैंपर की टक्कर से महिला की मौत, हादसे के बाद चालक फरार
बज्जू। बज्जू थाना क्षेत्र में गोडू मंडी के पास चारणवाला जाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर की टक्कर से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 12 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गोडू निवासी श्योपतराम अपनी पत्नी कमला के साथ जागरण से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने कमला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे रामनिवास और सुभाष ने घायल महिला को संभाला और उपचार के लिए गोडू सरकारी अस्पताल पहुंचाया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
13 नवंबर को पीबीएम अस्पताल में महिला का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के संबंध में मृतका के पति श्योपतराम ने 14 नवंबर को बज्जू पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि पत्नी की मौत के कारण उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके चलते पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने में देरी हुई। पुलिस ने बोलेरो कैंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई झंवरलाल जाखड़ को सौंपी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ