महिला ने अपने बेटे- बहू पर मारपीट कर नगदी व गहने ले जाने का लगाया आरोप, करवाया मामला दर्ज
महिला ने अपने बेटे- बहू पर मारपीट कर नगदी व गहने ले जाने का लगाया आरोप, करवाया मामला दर्ज
बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र की शिवबाड़ी निवासी एक महिला ने अपने बेटे और बहू के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और घर से सामान ले जाने का आरोप लगाया है। मामले में कोर्ट से प्राप्त आदेश के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हरिजन बस्ती, शिवबाड़ी निवासी किरण पत्नी श्यामलाल कंडारा ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया था। महिला ने बताया कि उसका एक मकान किराये पर दिया हुआ था, जिसे 6 जुलाई 2026 को किरायेदार से खाली करवाया गया था। इसके बाद जब उसने करीब 10 माह का बकाया किराया मांगा तो बेटा राकेश और बहु सोनू नाराज हो गए और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे।
महिला के अनुसार आरोपियों की धमकियों से भयभीत होकर वह छह जुलाई को अपनी बेटी पूजा के पास उदासर चली गई थी। आरोप है कि उसक बेटा और बहु उसके साथ लगातार गाली-गलौज, बदसलूकी, मारपीट और मानसिक प्रताडऩा करते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि वह बीमारी से पीडि़त है तो बेटा और बहु उसे घर में नहीं रखना चाहते और घर से निकाल देते हैं।
महिला ने बताया कि सात जुलाई की रात करीब नौ से दस बजे के बीच उसका बेटा राकेश उसके घर से लोहे की अलमारी सहित उसमें रखे करीब 50 हजार रुपए नकद, सोने की अंगूठी, सोने का बोरिया, करीब 250 ग्राम चांदी की पायल, कपड़े व अन्य घरेलू सामान, दो गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, कूलर और तीन लोहे के माचे ले गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि तीन जुलाई की रात करीब तीन बजे राकेश उदासर स्थित उसकी बेटी के घर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान घर का सामान तोड़ दिया और उसके पैर पर लात मारी, जिससे चोट आई।
महिला ने बताया कि उसने जेएनवीसी थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया।
कोर्ट से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ