महापौर ने निगम आयुक्त को दिए निर्देश, जाने कब होगी पहली साधारण सभा की बैठक
महापौर ने निगम आयुक्त को दिए निर्देश, जाने कब होगी पहली साधारण सभा की बैठक
बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बाद नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक आगामी 16 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। बुधवार को मेयर अनिल कल्ला ने कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी को बैठक बुलाने के आधिकारिक निर्देश दे दिए हैं। नियमानुसार बैठक आहूत करने का अधिकार महापौर के पास होता है, जबकि इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कमिश्नर की होती है। यह पहली बैठक होने के कारण मुख्य एजेंडा सदस्यों का परिचय, अभिवादन और आगामी दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए शहर की व्यवस्थाओं पर चर्चा करना रहेगा। हालांकि, राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए इस बैठक के काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन में स्पष्ट बहुमत कांग्रेस के पास होने के कारण संख्याबल के आधार पर कांग्रेस पार्षदों का पलड़ा भारी रह सकता है।
भाजपा द्वारा अब तक नेता प्रतिपक्ष का चेहरा तय नहीं किए जाने के कारण विपक्षी खेमे में असमंजस है। इस नाते सदन में जोरदार शोर-शराबा होने की पूरी संभावना है। दीपावली को देखते हुए बीकानेर नगर निगम के मेयर अनिल कल्ला ने शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम कमिश्नर को एक विस्तृत और कड़ा निर्देशित पत्र जारी किया है। मेयर ने शहर के सभी 80 वार्डों में दीपावली तक साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था , क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, और अग्निशमन व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए निगम प्रशासन को 3 दिवस के भीतर एक ठोस कार्य योजना तैयार करने को कहा गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ