एमजीएसयू:28 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह और बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक को लेकर सवाल उठ रहे हैं,स्टूडेंट्स को सूचना बिना दीक्षांत समारोह
एमजीएसयू:28 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह और बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक को लेकर सवाल उठ रहे हैं,स्टूडेंट्स को सूचना बिना दीक्षांत समारोह
बीकानेर। बीकानेर स्थित महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) में नए नियमित कुलपति की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति सचिवालय ने इसके लिए चार सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया है। इसी बीच मौजूदा कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित के कार्यकाल के अंतिम दिनों में 28 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह और शनिवार को होने वाली बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
7 अगस्त को पूरा होगा कुलपति का कार्यकाल
प्रो. मनोज दीक्षित का कार्यकाल 7 अगस्त को समाप्त हो रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन 28 जुलाई को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहा है, लेकिन अब तक इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
नियमों के अनुसार दीक्षांत समारोह से पहले विद्यार्थियों को निर्धारित समय पूर्व सूचना देना आवश्यक होता है। इसे लेकर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
डिग्री छपाई का प्रस्ताव भी
जानकारी के अनुसार डिग्रियों की छपाई का प्रस्ताव भी शनिवार को होने वाली बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में रखा जा रहा है। ऐसे में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह तक सभी डिग्रियां उपलब्ध नहीं होने की संभावना जताई जा रही है। आरोप है कि केवल सीमित संख्या में डिग्रियां छपवाकर औपचारिक रूप से समारोह कराने की तैयारी की जा रही है।
अंतिम तीन महीने में नीतिगत फैसलों पर उठे सवाल
राज्यपाल के प्रमुख सचिव की ओर से 1 फरवरी 2022 को जारी आदेश में कहा गया था कि किसी कुलपति के कार्यकाल के अंतिम तीन महीनों में नीतिगत निर्णय नहीं लिए जाएंगे।
ऐसे में शनिवार को प्रस्तावित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि बैठक में मानद उपाधि सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया जा सकता है, जिन्हें नीतिगत निर्णय माना जाता है।
तीन दीक्षांत हो चुके, फिर जल्दबाजी क्यों?
मौजूदा कुलपति के कार्यकाल में विश्वविद्यालय तीन दीक्षांत समारोह आयोजित कर चुका है। ऐसे में फिलहाल कोई लंबित दीक्षांत समारोह भी नहीं है।
इसके बावजूद चौथा दीक्षांत समारोह जल्दबाजी में आयोजित किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। आमतौर पर दीक्षांत समारोह के लिए करीब 45 दिन पहले अधिसूचना जारी की जाती है, जबकि 28 जुलाई को प्रस्तावित समारोह के लिए अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
डिग्री छपाई पर भी उठे सवाल
दीक्षांत समारोह में वितरित होने वाली डिग्रियों की छपाई को लेकर भी विवाद सामने आया है।
आरोप है कि इस बार डिग्रियों का प्रकाशन सामान्य ओपन टेंडर प्रक्रिया के बजाय गोपनीय व्यवस्था के तहत कराया गया। साथ ही पिछले वर्षों की तुलना में इसकी लागत दो से तीन गुना अधिक होने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं।
नियमित कुलपति के लिए बनी सर्च कमेटी
राज्यपाल एवं कुलाधिपति सचिवालय ने नियमित कुलपति की नियुक्ति के लिए चार सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया है।
स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र बाबू दुबे को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में प्रो. कैलाश डागा, प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी और प्रो. मदन सिंह राठौड़ सदस्य हैं।
सचिवालय ने समिति को जल्द बैठक कर कुलपति पद के लिए नामों का पैनल तैयार कर राज्यपाल एवं कुलाधिपति को भेजने के निर्देश दिए हैं।
आज होगी बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार यशपाल आहूजा ने बताया कि बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट (क्चह्ररू) की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित होगी।
उन्होंने कहा कि बैठक की सूचना सभी सदस्यों को भेज दी गई है और एजेंडा भी उपलब्ध करा दिया गया है। हालांकि किन प्रस्तावों पर निर्णय होगा, इसकी जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ