बदलेगा मौसम का मिजाज, जाने कब से बढ़ेगी सर्दी
बीकानेर। राजस्थान में दो दिन हुई बारिश ने दिन में सर्दी बढ़ा दी है। बीकानेर, जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा। अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली, फतेहपुर (सीकर) में भी रविवार को दिन सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अब अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। इस दौरान शहरों में रात में सर्दी बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकलेगी।
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो रविवार को अजमेर, सीकर समेत अन्य शहरों में बादल छाए, जिससे यहां दिन के तापमान में गिरावट हुई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, अजमेर में 33.1, जोधपुर में 32.3, डूंगरपुर में 32.3, भीलवाड़ा में 33 और टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं बीकानेर में सोमवार को सुबह से धूप कमजोर रही तथा रविवार रात और सोमवाल अलसुबह ठंडक महसूस की गई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ