पुराने न्यायालय परिसर में जलभराव से वकीलों और पक्षकारों को परेशानी, बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
पुराने न्यायालय परिसर में जलभराव से वकीलों और पक्षकारों को परेशानी, बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। हाल ही में हुई वर्षा के कारण पुराने न्यायालय परिसर में उत्पन्न गंभीर जलभराव की समस्या को लेकर बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा आज माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में पुराने न्यायालय भवन एवं उसके आसपास जलभराव होने से अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों तथा पक्षकारों को हो रही भारी असुविधाओं एवं आवागमन में आ रही कठिनाइयों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया।
ज्ञापन प्राप्त होने के तुरंत बाद माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलक्टर, बीकानेर से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु कहा। जिला कलक्टर महोदय ने भी तत्काल नगर निगम आयुक्त से संपर्क कर समस्या के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके पश्चात नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर सहायक अभियन्ता श्री अशोक को तत्काल न्यायालय परिसर में भेजा गया।
बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष श्री अजय कुमार पुरोहित ने सहायक अभियन्ता को न्यायालय परिसर की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया तथा जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को पुराने न्यायालय परिसर से नए न्यायालय परिसर तक आवागमन में भी अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, अधिवक्ता सन्तनाथ योगी, चतुर्भुज सारस्वत, रामनिवास बिश्नोई, पवन कुमार व्यास सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
बार एसोसिएशन, बीकानेर ने माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय, जिला कलक्टर महोदय एवं नगर निगम प्रशासन का त्वरित संज्ञान लेने के लिए आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की है कि संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर न्यायालय परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ