कंवरसेन लिफ्ट नहर पर पानी चोरों का गश्ती दल पर हमला, संविदाकर्मी को किया घायल
कंवरसेन लिफ्ट नहर पर पानी चोरों का गश्ती दल पर हमला, संविदाकर्मी को किया घायल
महेश देरासरी
महाजन। कंवरसेन लिफ्ट नहर से पानी चोरी रोकने निकली जल संसाधन विभाग की गश्ती टीम पर शुक्रवार देर रात हमला कर दिया गया। लालेरा और महाजन के बीच नहर क्षेत्र में हुई इस घटना में एक संविदाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। विभागीय अधिकारियों ने घायल को तत्काल महाजन अस्पताल में भर्ती कराया तथा आरोपियों के खिलाफ महाजन थाने में परिवाद सौंपा है।
जानकारी के अनुसार कनिष्ठ अभियंता चिमनसिंह गुर्जर विभागीय जाप्ते के साथ नहर किनारे गश्त कर रहे थे। इस दौरान नहर पर एक सायफन लगा होने का पता चला। टीम सायफन के सहारे खेत की ओर पहुंची तो वहां मौजूद खेत मालिक सहित तीन-चार लोगों ने अचानक गश्ती दल पर हमला कर दिया। हमले में अरजनसर निवासी संविदाकर्मी ओमप्रकाश शर्मा पुत्र मंगीलाल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक अभियंता।ललितकिशोर स्वामी मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए महाजन अस्पताल पहुंचाया। वहीं गश्ती दल ने मौके से पानी चोरी में प्रयुक्त मोटर, पंप सहित अन्य उपकरण जब्त कर लिए। इसके बाद महाजन पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराने के लिए परिवाद दिया गया। जानकारी के अनुसार आरोपी लालेरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कंवरसेन लिफ्ट नहर से अवैध रूप से पानी चोरी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ किसान रात के समय चोरी-छिपे मोटर व सायफन लगाकर नहर से पानी निकाल रहे हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ