राजस्थान के 22 जिलों की 3626 पंचायतों में वोटिंग जारी, बीकानेर की पांच पंचायतों में चुनाव
राजस्थान के 22 जिलों की 3626 पंचायतों में वोटिंग जारी, बीकानेर की पांच पंचायतों में चुनाव
बीकानेर। । राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज सुबह 7 बजे से प्रदेश के 22 जिलों की 3626 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इन ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 21,839 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 11,799 मतदान केंद्र बनाए हैं। ग्राम पंचायतों में बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया जा रहा है। मतदान शुरू होने के साथ ही गांवों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में जुटे हैं। बीकानेर की पांच पंचायत समितियों में पंच और सरपंच के चुनाव हो रहे हैं। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान के बाद तुरंत मतगणना होगी। परिणाम सबसे पहले दैनिक भास्कर ऐप पर देखे जा सकते हैं। बीकानेर की बीकानेर, कोलायत, बज्जू खालसा, बीठनोक और हदां पंचायत समितियों की 137 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव हैं। इसके बाद रविवार को उप सरपंच का चुनाव होगा। सरपंच मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी।
मतदान में हिंसा और उत्पात होने की आशंका में प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। कुछ केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है। खासकर बज्जू खालसा और कोलायत में पुलिस ने कुछ मतदान केंद्रों को निगरानी में रखा है। पिछले चुनाव में रिजल्ट के बाद रुणिया पंचायत समिति में विवाद हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने पचास से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया और बीस से ज्यादा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ