राजस्थान की 3314 पंचायतों में कल सरपंच-वार्ड पंच के लिए मतदान कल , बीकानेर में 112 सरपंच और 928 वार्ड पंचों के चुनाव
राजस्थान की 3314 पंचायतों में कल सरपंच-वार्ड पंच के लिए मतदान कल , बीकानेर में 112 सरपंच और 928 वार्ड पंचों के चुनाव
बीकानेर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत 16 जिलों की 3314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब कल मतदान होगा। पहले चरण में 3314 सरपंच और 28,682 वार्ड पंचों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पहले चरण के मतदान के लिए कुल 9886 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। बीकानेर जिले में पहले चरण के तहत 112 सरपंच और 928 वार्ड पंचों के चुनाव होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर उम्मीदवारों और समर्थकों में उत्साह है। इन चुनावों में स्थानीय समीकरण और गांव की राजनीति अहम भूमिका निभाएंगे।
बैलेट पेपर से होगी वोटिंग, हर मतदाता डालेगा दो वोट
इस बार सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं। मतदाता को दो अलग-अलग मतपत्रों के माध्यम से वोट देना होगा। एक मतपत्र सरपंच पद के उम्मीदवार के लिए और दूसरा वार्ड पंच पद के प्रत्याशी के लिए होगा। पिछली बार इन चुनावों में ईवीएम का इस्तेमाल किया गया था, जबकि इस बार मतपत्रों से मतदान कराया जाएगा।
देर रात तक आ सकते हैं नतीजे
बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण मतगणना में अधिक समय लगने की संभावना है। मतदान शाम 6 बजे समाप्त होने के बाद पहले वार्ड पंच और फिर सरपंच पद के मतों की गिनती की जाएगी। जिन स्थानों पर मुकाबला बेहद करीबी होगा या पुनर्मतगणना की जरूरत पड़ेगी, वहां परिणाम आने में देर हो सकती है। ऐसे में कुछ जगहों पर नतीजे देर रात तक घोषित होने की संभावना है।
पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं होते सरपंच-पंच के चुनाव
सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव गैर-दलीय आधार पर होते हैं। इनमें राजनीतिक दल आधिकारिक तौर पर अपने चुनाव चिह्न पर उम्मीदवार नहीं उतारते। हालांकि, गांवों में राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ता और स्थानीय नेता अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय रहते हैं। ऐसे में इन चुनावों में स्थानीय समीकरण, व्यक्तिगत संपर्क और गांव की राजनीति का खास प्रभाव देखने को मिलता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ