बीकानेर: जिले की इस पंचायत में चुनाव परिणाम के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव की सूचना
बीकानेर: जिले की इस पंचायत में चुनाव परिणाम के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव की सूचना
बीकानेर। पंचायती राज चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद छतरगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत केला में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। जमीला/इकबाल की 34 वोटों से जीत की घोषणा के बाद हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थकों में आक्रोश देखने को मिला। इसी दौरान पथराव की घटना सामने आई, जिसमें पुलिस की गाड़ियों और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाए जाने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद गांव में कुछ समर्थकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पत्थर पुलिस की गाड़ियों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी फेंके गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, पथराव की घटना में कई पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की खबर है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी पवन कुमार और छतरगढ़ थाना अधिकारी नवनीत सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी बुलाया गया, ताकि गांव में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गांव में तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ