बोलेरो की भिड़ंत में दो की मौत, चार घायलों किया बीकानेर रेफर
श्रीडूंगरगढ़। दीपावली के बाद राम-राम के दिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बड़ा सडक़ हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे पर लखासर टोल प्लाजा के पास दो बोलेरो गाडिय़ों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार शाम करीब 4 बजे लखासर टोल प्लाजा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दो बोलेरो गाडिय़ां आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार छह लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों और मौके से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला। टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से चार घायलों को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं लखासर सरपंच गोवर्धन खिलेरी के पुत्र पवन और भाई मुकेश ने भी अपनी गाड़ी से दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए बीकानेर रेफर किया गया है। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बीकानेर की ओर से आ रही एक कैंपर गाड़ी द्वारा टोल तोडक़र भागने के दौरान सामने से आ रही गाड़ी से टक्कर होने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्र के सेवाभावी लोग श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ